बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के मुसहा गांव के निकट स्थित राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने बाइक सवार दो लोगों ने एक व्यक्ति को ओवरटेक कर उसकी बाइक और 25 हजार रुपये छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना सौ नंबर पर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पता चला कि घटना लेन देन के विवाद को लेकर हुई।
गौर थाना क्षेत्र के बढ़नी गांव निवासी मनोज कुमार चौबे पुत्र अश्विनी चौबे मंगलवार की दोपहर घर से पैकोलिया थाना क्षेत्र के बैदोलिया अजायब गांव जा रहे थे। वहां उन्हें बिजली के पोल लगवाने थे। वह दोपहर दो बजे के करीब मुसहा गांव के पास राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक को दो लोगों ने ओवर टेक कर रोक रोक लिया और जबरन बाइक छीन ली।
पीड़ित का कहना है कि बाइक के साथ 25 हजार रुपये भी दोनों ने छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को 100 नंबर पर दी। सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पैकोलिया पुलिस कुछ ही देर में घटना स्थल पर पहुंच गई। पूछताछ के दौरान पता चला कि जिन लोगों ने बाइक छीनी है, उनमें से एक पास ही मुसहा बरहपेड़ा गांव का अशोक कन्नौजिया है।
पुलिस उसके घर पहुंची तो वह मौके पर नहीं मिला। उसकी मां से पुलिस ने उसका नंबर लेकर फोन किया और उसे पकड़ लिया। उसके दूसरे साथी के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि दूसरा व्यक्ति नन्हे कुमार निवासी सुअरबरहा था। एसओ पैकोलिया ने कहा कि पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर छीनी गई बाइक बरामद कर ली है। बहरहाल अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने भी थाने में पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोपी ने कहा कि उसने लोन के लिए 17 हजार रुपये दिए थे
घटना के बारे में पूछताछ करने के दौरान आरोपी अशोक कन्नौजिया ने कहा कि जिसकी बाइक उसने छीनी है, काफी दिन पूर्व उसको उसने 17 हजार रुपये एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से लोन दिलाने के लिए दिया था। बाद में उसने न तो लोन दिलाया और न ही रुपये वापस किया। इसी कारण उसने उनकी बाइक छीन ली।