मुंडेरवा। क्षेत्र के अहरा तिराहे के पास बेकाबू अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपी-100 टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से घायल शिवकुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय नौसढ़ के पास उसने दम तोड़ दिया। सिर में गंभीर चोट आने से शिवकुमार को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। रिंकू और भोला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जगदीशपुर धुसवा गांव निवासी शिवकुमार (18) अपने रिश्तेदार की बाइक लेकर अहरा में आयोजित किसी भोज में शामिल होने निकला। साथ में गांव के ही रिंकू (19) और भोला (19) को भी बाइक पर बैठा लिया। तीनों जल निगम के ओवरहेड टैंक के पास पहुंचे, तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों बाइकसवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।