युवक को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बस्ती। मुंडेरवा क्षेत्र में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मनचलों को छींटाकशी से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। उसे शनिवार की सुबह कुछ युवकों ने लोहे की राड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर से क्षेत्रीय लोगों में गुस्सा व तनाव है।
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बोदवल बाजार में चल रहे ग्यारह दिवसीय श्रीराम महायज्ञ के दौरान शुक्रवार की देर रात रामलीला का मंचन हो रहा था। भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति के पदाधिकारी बीच बीच में मंच से लोगों को उचक्कों एवं मनचलों के प्रति आगाह करते रहे। कुछ मनचले महिलाओं के आने जाने वाले मार्ग पर बैठ कर छींटाकशी कर रहे थे। यज्ञ स्थल के सटे गांव छपिया पांडेय निवासी अजय कुमार पांडेय (36) पुत्र मुन्ना पांडेय से न रहा गया तो उन्होंने छींटाकशी कर रहे युवकों को मना किया। यह बात युवकों को नागवार गुजरी।
शनिवार सुबह लगभग दस बजे जब अजय पांडेय अपने किसी कार्य से महादेवा की तरफ जा रहे थे तभी बरडाड़ चौराहे पर पहले से घात लगाए असगर अली, हैदर अली पुत्रगण निजामुद्दीन, शाहिद अख्तर पुत्र जलालुद्दीन और एक अन्य ने लोहे की राड एवं धारदार हथियार से उस पर हमला बोल दिया।
जब तक चौराहे के लोग बीच बचाव करने दौड़ते, तब तक अजय गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिवारवाले पुलिस को सूचना देने के बाद गंभीर रूप से घायल अजय को लेकर सीएचसी मुंडेरवा पहुंचे। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों पर एनसीआर दर्ज है, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।