अज्ञात कारण से रेहान की हुई मौत । फाइल फोटो
मुंडेरवा रेलवे स्टेशन के निकट स्थित टेढ़ी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक के बीच युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर थानाक्षेत्र के बिरऊपुर निवासी मो. रेहान (18) के रूप में की गई। वह लखनऊ के एक इंजीनियरिंग कालेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था।
उसके परिवार के लोगों का कहना है कि रेहान सोमवार दोपहर अपनी दवा लेने की बात कहकर घर से शहर के लिए निकला था। रेलवे के कीमैन ने सोमवार रात ट्रैक पर किसी का शव देखा तो इसकी जानकारी मुंडेरवा पुलिस को दी। शव के पास एक टूटा मोबाइल मिला। उसकी सिम में मिले नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके भाई को सूचना दी। भाई अकरम ने बताया की शाम होने पर जब रेहान घर नहीं आया तो फोन किया गया। उसका मोबाइल बंद मिला। परिजनों ने रेहान के हत्या की आशंका जताई है। एसओ मुंडेरवा राम आशीष यादव ने कहा की पोस्टमार्टम बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।