गांधीनगर मे मारपीट को लेकर दुकानदारो ने एसपी को दिया ज्ञापन।
शहर के गांधीनगर सब्जीमंडी में दुकानदारों पर हमला, तोड़फोड़ और रुपये छीनने की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को भी माहौल गरम रहा। पुलिस पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए सब्जी बिक्रेताओं ने एसपी शैलेश कुमार पांडेय से मुलाकात कर गांधीनगर पुलिस की शिकायत की। इससे संबंधित ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्घ रासुका लगाए जाने की मांग की गई है।
इससे पहले बुधवार रात में सहबान पुत्र शाकिर अली निवासी सब्जी मंडी गांधीनगर की तहरीर पर छह नामजद समेत 20-25 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था, जिनमें सभी फरार बताए जा रहे हैं। इनमें मुर्कहिया निवासी अदनान फारूकी, आमिर, ओरी जोत निवासी अमन सिंह के अलावा दानिश निवासी दरिया खां, फिरोज निवासी मालीटोला और हबीब निवासी रहमतगंज शामिल हैं।
यह मामला मंगलवार से शुरू हुआ जब दोनों पक्षों में मामूली बात पर कहासुनी हुई। एक दूसरे को देख लेने की धमकी को एक पक्ष बुुधवार को सच साबित करने पहुंच गया। हॉकी, राड व सरिया से लैस युवकों ने करीब बीस मिनट तक सब्जी की दुकानों में तोड़फोड़ की। उत्पात मचाने के बाद दुकान के गल्ले में पड़ी नकदी भी छीनकर वे पैदल भाग निकले। सरे बाजार हुई इस घटना से आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। वहां के आम लोग व सब्जी वाले पुलिस के न पहुंचने से भड़क गए और मुख्य सड़क पर आकर हंगामा करने लगे। सीओ सिटी एसएन सिंह, कोतवाल कपिलमुनि सिंह व एसओ पुरानी बस्ती सुधीर कुमार सिंह के पहुंचने पर उन्हें समझाकर रोड से हटाया जा सका।