महराजगंज/हर्रैया। फोरलेन पर हर्रैया क्षेत्र में सोमवार सुबह दो हादसे हुए। पहली घटना मुरादीपुर में हुई। इसमें मनोरोगी महिला की मौत हो गई। दूसरी दुर्घटना तहसील गेट के सामने हुई जिसमें बोलेरो की चपेट में बाइक आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों में पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।
सोमवार भोर करीब 4.30 बजे फोरलेन के मुरादीपुर चौराहे पर किसी वाहन की चपेट में आने से 30 वर्षीय नेहा की घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी दुर्घटना हर्रैया तहसील गेट पर सुबह करीब 11 बजे हुई। बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार परशुरामपुर क्षेत्र के परसहा गांव के रामशंकर वर्मा (65) घायल हो गए। उनको सीएचसी में भर्ती कराया गया। रामशंकर सोमवार को जीवधरपुर आए थे। वहां से तहसील में खतौनी लेने गए थे।
घर जाने के लिए तहसील गेट के सामने से हाईवे पर चढ़े तभी फैजाबाद जा रही तेज गति बोलेरो की चपेट में आ गए। हर्रैया पुलिस ने लोगों के सहयोग से सीएचसी हर्रैया पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हर्रैया के थाना प्रभारी कपिल मुनि सिंह ने बताया कि महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को किसी ने अभी तहरीर नहीं दी है।
सड़क पर पलटा टैंकर
वाल्टरगंज। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हाईवे पर चयन पुरवा गांव के सामने गड़बड़ी आ जाने से टैंकर सड़क पर पलट गया। रविवार रात करीब दो बजे हुई दुर्घटना से थोड़ी देर के लिए एकलेन जाम हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुरानी बस्ती पुलिस ने क्रेन मंगाकर टैंकर को किनारे कर कराया। घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। थाना अध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया कि रात करीब दो बजे टैंकर पलटने की सूचना मिली। पुलिस टीम के साथ पहुंचकर क्रेन से टैंकर को बगल में कराया गया जिसमें कोई भी घायल नहीं हुआ है।