नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग अलग हुए हादसों में बुजुर्ग महिला और रिटायर्ड पुलिसकर्मी की मौत हो गई। महिला ओठघनपुर जबकि रिटायर्ड पुलिसकर्मी कप्तानगंज के अवस्थीपुर के थे। पुलिस ने मार्ग दुर्घटना में हुई मौत के मामलों में मुकदमा दर्ज किया है।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम ओठघनपुर निवासी पूर्व ग्राम प्रधान रामदयाल की 65वर्षीय पत्नी रेशम देवी सोमवार सुबह करीब 10बजे घर से निकलकर सड़क पार कर रही थीं कि इसी बीच गेहूं लादकर कलवारी की ओर से आ रही पिकअप नें ठोकर मार दिया।
हादसा के बाद बेकाबू हुई पिकअप अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। चालक भी घायल हुआ लेकिन भीड़ जुटती देखकर भाग निकला। इस बीच घायल रेशमा को आनन-फानन में परिवार वाले जिला अस्पताल बस्ती ले गए जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। किसी ने पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष नगर डीके मिश्रा और सीओ कलवारी भी मौके पर पहुंचे। पिकअप को अपने कब्जे में लिया है। बाद में बेटे आदित्य प्रताप की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी दुर्घटना हाइवे की फुटहिया पुलिस चौकी के पास हुई। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अवस्थीपुर निवासी परमात्मा प्रसाद अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बेटे रविंद्र प्रताप आजाद की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
परमात्मा प्रसाद करीब पांच साल पहले पुलिस विभाग से रिटायर हुए थे। घर पर ही बड़े बेटे रविंद्र प्रसाद के साथ खेती-बाड़ी का काम देखते थे। दूसरा बेटा धर्मेंद्र कुमार फैजाबाद में कांस्टेबल है। छोटा बेटा जितेंद्र पढ़ाई कर रहा है। दो बेटियों सुभावती व कृष्णावती की शादी हो चुकी है। जैसे ही घर में मौत का समाचार पहुंचा पत्नी कलावती समेत पूरा परिवार बदहवास हो गया। शुभचिंतकों ने घर पर पहुंच ढांढस बंधाया लेकिन परिवार की हालत देखकर लोगों की आंखों में आंसू आ गए।
अनियंत्रित मिनी ट्रक पलटा
छावनी। कानपुर से सब्जी लादकर नौतनवां जा रही मिनी ट्रक हाइवे पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। चालक को हल्की चोटें आई। हादसा सोमवार सुबह हुआ। क्षेत्र के नाल्हीपुर गांव के पास फोरलेन पर अचानक चालक ने मिनी ट्रक से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू मिनी ट्रक सड़क के किनारे पलट गया। घायल चालक सूर्य सिंह निवासी भावपुर थाना नौबस्ता कानपुर ने बताया कि सब्जी लेकर नौतनवां सब्जी मंडी जा रहे थे।