पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के प्लास्टिक कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के पचौरा गांव में शुक्रवार की रात युवक ने आग लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। जहां हालत गंभीर है।
परिवार वालों के मुताबिक 26 वर्षीय नवनीत पुत्र दया शंकर चौबे शुक्रवार देर रात कहीं से घर लौटा। घर पहुंचने पर देर से आने का कारण पूछते ही भड़क गया। घरवालों से बहस करने के बाद अंदर चला गया। अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलकर खुद को आग लगा ली। अचानक हुई घटना से सब हतप्रभ हो गए। अभी पांच मार्च को ही नवनीत के बड़े भाई सुमित चौबे की घर के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा तो घटना में पड़ोसियों का नाम आया था। मुकदमा भी दर्ज हुआ लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों का कहना है कि भाई की मौत के कारण बनने वाले लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से नवनीत परेशान रहने लगा था। इसी बात को लेकर रात में भी उसकी परिवार वालों से बहस हुई थी। इसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सर्वेश राय का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। आग से झुलसा युवक नशे का आदी था। उसने खुद को आग लगाई होगी। जहां तक उसके भाई के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का सवाल है तो अभियुक्तों ने कोर्ट से गिरफ्तारी का स्टे ले रखा है।