भानपुर। घर से शौच के लिए निकले युवक की गांव के बाहर सूखे कुएं में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
बृहस्पतिवार सुबह गांव के चौकीदार व रिश्ते में युवक के चाचा रमेश यादव ने प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा को सूचना दी कि उसके भतीजे की लाश गांव के पास कुएं में पड़ी है। सूचना पर एसओ ने पहले चौकी इंचार्ज असनहरा योगेश सिंह को घटनास्थल पर भेजा और फिर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना कर शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को परिजनों ने बताया कि रामपाल (25) मंगलवार की रात करीब एक बजे बारात से लौटे थे। उसी समय उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया। शौच की बात कह वह घर से निकल गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बृहस्पतिवार सुबह घर से सौ मीटर की दूरी पर स्थित बगीचे के पास रामपाल का चप्पल और शौच के लिए लाया गया पानी का डिब्बा मिला। लेकिन रामपाल का सुराग नहीं मिला। तभी बृहस्पतिवार को बकरी चराने गए लोगों ने कुएं में लाश देखी। रामपाल का शव औंधे मुंह गिरा था। शव बाहर निकाले जाने पर सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान मिले। परिवार व गांव के लोगों ने रामपाल की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मां रमावती देवी व पत्नी मीरा का रो-रोकर बुरा हाल था।
घर में सबसे बडे थे रामपाल
रामपाल दो भाई और दो बहनों में सबसे बडे़ थे। वह अपने दादा राम शब्द यादव के साथ गांव में अपनी मां रमावती देवी, भाई वीरेन्द्र और छोटी बहन शिवांगी के साथ रहते थे जबकि पिता अर्जुन यादव मुंबई में स्क्रैप (कबाड़) का काम करते हैं। रामपाल परसोहिया पड़ाव स्थित घर में जूता-चप्पल और रेडिमेड की दुकान चलाते थे। इंटर पास रामपाल का विवाह मझौवा लाल सिंह गांव की मीरा यादव से वर्ष 2011 में हुआ था। जिसका गौना 2014 में हुआ। रामपाल का डेढ़ वर्ष का बेटा आर्यन भी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई : एसओ
घटना के बाबत प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि रामपाल के चाचा रमेश यादव ने गांव के बाहर कुएं में शव मिलने की सूचना दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।