नील गाय से टकराकर कार पलटी, एक की जान गई
- फोटो : अमर उजाला
वाल्टरगंज (बस्ती)। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग स्थित सोनहा थाना क्षेत्र के मधवापुर पेट्रोल पंप के समीप कार सड़क पार कर रहे नील गाय से टकरा कर पलट गई। इससे कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना रविवार को आधी रात के बाद हुई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौवा पहुंचाया। जहां से हादसे में घायल 30 वर्षीय कपिल गोड़ निवासी ट्रांसपोर्ट लखनऊ तथा रत्नाकर दुबे निवासी बनकटा थाना लालगंज व 28 वर्षीय अनिल गिरी पुत्र राज गिरी पता अज्ञात को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचने पर अनिल गिरी की मौत हो गई जबकि कपिल तथा रत्नाकर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया था तथा क्षतिग्रस्त कार को सड़क के किनारे करवाया गया।