घर के सामने बुजुर्ग की हत्या, पट्टीदार नामजद
लालगंज थाने के हज्जाम जोत गांव की घटना
महसो (बस्ती)।
लालगंज थाना क्षेत्र के हज्जाम जोत में 75 वर्षीय शख्स की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। रात करीब 10 बजे के आसपास की घटना बताई जा रही है। शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं मगर नाक और मुंह से खून निकला देखकर माना जा रहा है कि गला दबाकर या जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की गई है। मृतक शिवकुमार के पुत्र प्रेम प्रकाश ने अपने पट्टीदार विंध्याचल उर्फ बुद्धू और पिंटू के विरुद्ध नामजद मुकदमा तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
वादी प्रेमप्रकाश के अनुसार उसके पट्टीदार विंध्याचल और पिंटू आदि से पिछले कई महीनों से घर के सामने की आबादी की जमीन को लेकर विवाद था। शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश करके विवाद निपटा दिया था। इस रंजिश में पट्टीदार उसके घर वालों को बार-बार जान से मारने की धमकी देते रहे। दो महीने बाद पुलिस जमीन विपक्षी की बताते हुए कब्जा हटाने को कहकर गई। उसके तीसरी ही रात यानी मंगलवार को घर के सामने धान के खेत में उस समय हत्या कर दी गई, जब रात 10 बजे वह उठकर खेत की ओर गए।
सूत्रों की मानें तो इस केस में कुछ और कहानी है। लोग इस हत्या को बड़ी साजिश मानकर चल रहे हैं। पुलिस भी वादी की तहरीर से ज्यादा इत्तेफाक नहीं रखती। बातचीत से लगा कि पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज तो कर लिया लेकिन शुरुआती तफ्तीश में कुछ और ही तथ्य सामने आए। हालांकि, पुलिस अभी कुछ संकेत देने से बच रही है। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि फिलहाल, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।