भानपुर। डुमरियागंज रोड पर सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा पड़ाव के पास बृहस्पतिवार दोपहर ट्रक के की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। उसी साइकिल पर सवार चचेरे भाई को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रक समेत भागते समय पीछा कर लोगों ने चालक को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक को पकड़ने के आग्रह पर असनहरा चौकी पुलिस की अनदेखी से नाराज भीड़ ने बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अनिल सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
असनहरा निवासी पवन कुमार गौतम (12) बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे अपने चचेरे भाई मोहित के साथ साइकिल पर पीछे बैठकर नरखोरिया चौराहे जा रहा था। दोनों भाई अभी खाद एवं रसद विभाग के गोदाम के पास से पहुंचे थे कि तभी पीछे से आए ट्रक ने चपेट में ले लिया। साइकिल पर पीछे बैठा पवन नीचे गिर गया और ट्रक का पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया। मौके पर हर पवन की मौत हो गई।
साइकिल चला रहे मोहित का भी गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर घरवाले पहुंचे और मौके पर मौजूद पुलिस ने भाग रहे ट्रक चालक को पकड़ने को कहा तो पुलिस ने 100 नंबर पर फोन करने को कहा। इससे नाराज भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया।
शिथिलता पर भड़के लोग लगाए जाम
घटना के तुरंत बाद महज सौ कदम दूर स्थित असनहरा चौकी को सूचना दी गई कि घटना करके भाग रहा ट्रक पकडवाने में मदद करे। लेकिन वहां डायल-100 पर सूचना देने की बात कह कर टाल गए। इससे नाराज होकर वहां मौजूद जन समूह ने सडक पर तख्त और बल्ली लगाकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि अगर पुलिस ने तुरंत संदेश पास किया होता तो ट्रक 20 किमी तक भागने मं कामयाब नहीं होता। कुछ देर बाद मौके पर पहुचें चौकी इंचार्ज असनहरा अनिल सिंह ने समझाकर जाम खुलवाया।
देवी पाटन जाने की तैयारी में था परिवार
- पवन के पिता की तबियत काफी खराब है। उनके बाबा त्रिभुवन ने बताया कि उनका पूरा परिवार देवी पाटन मंदिर श्रावस्ती जाने की तैयारी में था। जहां बीमार पिता बाबूराम के निमित्त पूजा अर्चना की जानी थी। पवन इसी बात की सूचना देने नरखोरिया जा रहा था कि रास्ते मे ही हादसे का शिकार हो गया। वह कक्षा 6 का होनहार छात्र था। दिहाडी मजदूर करने वाले पिता की माली हालत ठीक नहीं है।