बस्ती। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंगलवार को भी आग ने तबाही मचाई। दो गांवों के 66 घर राख्ा के ढेर में तब्दील हो गए। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के मुजेहना ग्राम पंचायत के पिपरहवा टोले में आग से 42 घर, दो बाइक, 35 हजार नकदी जल गए तो वाल्टरंगज के हरदिया बिलौड़ी गांव में लगी आग से 24 घर जल गए और चार बकरियां जिंदा जल गईं। इस गांव में आग लगने से दो सिलिंडर भी फट गए। अन्य कई स्थानों पर आग लगने की छिटपुट घटनाएं हुई।
मुंडेरवा प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलवार को दिन में तीन बजे के करीब थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव के पिपरहवा पुरवा में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में रामललित, राजू, रामबृक्ष, मायाराम, राजेंद्र, परमेश्वर, ज्ञानमती, पिंटू, बुधिराम, पंचराम, जसमती, रामदास, सुक्खू, एकादशी, सीताराम, बृंदावती, राजेंद्र निषाद, महंगी, जोगेंद्र, मेवालाल, अमरजीत, योगेंद्र, रामचंद्र सहित कुल 42 लोगों के घर जले गए। रामललित का 33 हजार रुपये नकदी आग की भेंट चढ़ गई। मायाराम और सुक्खू की बाइक भी आग में जल गई। इतना ही नहीं, एकादशी की दो भैंस भी आग में बुरी तरह झुलस गई हैं।
वहीं सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के हरदिया बिलौड़ी गांव में दिन में चार बजे पैतू पुत्र बिहारी के घर आग लग गई। जब तक लोग समझ पाते, तेज हवा के झोंके से आग उसके भाई चैतू के घर पहुंच गई। इसके बाद आग फैलती गई। अनिल, खुद्दुर, रामबृक्ष, रेखाराम, हरीराम, श्रीचंद्र, डोलई, राममिलन, बनारसी, जगन्नाथ, सिहारी देवी, हरिश्चंद्र, खुशीराम, रामफेर, मंगल शुक्ल सहित 24 लोगों के घर आग की भेंट चढ़ गए।
आग से पैतू की चार बकरियां जलकर मर गई, जबकि खुशीराम के घर बिटिया की शादी थी, ऐसे में शादी में देने के लिए एकत्रित किया गया सारा समान जल गया। श्रीचंद्र और हरीराम के घर में आग से सिलिंडर भी फट गए। सूचना मिलने पर सोनहा और बस्ती से पहुंची दमकल की गाड़ियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देर शाम तहसीलदार और राजस्व कर्मी आग से हुई क्षति का आंकलन करने पहुंचे।
परशुरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के कोहरायें बाजार मे पूर्वान्ह 11 बजे अज्ञात कारणों से लगी आग में सुरेश पुत्र रामचन्दर बारी की झोपड़ी जल गयीं, इसमे चारपाई, बिस्तर. राशन आदि जल गए।