अब तक शहरों में चल रहा गर्भपात और नशीली दवाओं का कारोबार अब ग्रामीण क्षेत्र में भी पैर पसारने लगा है। ढाठरथ गांव में ऐसा ही मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार देर रात छापा मारकर एक किरयाणे स्टोर से गर्भपात कराने की किट और नशे की गोलियों का जखीरा बरामद किया है।
जिस दुकान से गर्भपात की किट और नशीली दवाइयां पकड़ी गई हैं, ठीक उसके ऊपर भगवान का घर यानि की पूजा घर बनाया गया है। पूजा घर के नीचे ही यह सारा पाप का कारोबार चल रहा था। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने एमटी किट और नशीली दवाएं कब्जे में ले ली हैं। सरकार और प्रशासन द्वारा लगातार चलाए जा रहे भ्रूण हत्या के खिलाफ अभियान के बाद भी दुकानों से कीट और नशीली दवाइयां मिलने से प्रशासन में हड़कंप है।
प्रशासन को ढाठरथ गांव की एक दुकान में एमटी किट और नशे की दवा रखने की सूचना मिली थी। इस पर प्रशासन द्वारा एक ग्राहक तैयार कर सोमवार रात कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की घटना न हो, इसके लिए डीसी विनय सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन दुकान संचालक फरार हो गया।
अचानक हुई स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। विभाग की टीम ने दुकान से बरामद दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की शिकायत पर दुकानदार बंटी उर्फ विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पूरी तैयारी के साथ गया प्रशासन
स्वास्थ्य विभाग को गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि ढाठरथ गांव में एक दुकान में भारी मात्रा में नशीली दवाइयां रखी हुई हैं। सामान्य अस्पताल के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सतीश सुलेख, डॉ. पालेराम, डीसीओ प्रमोद मलिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। छापेमारी के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर मेडिकल स्टोर संचालक मौके से भाग खड़ा हुआ।
अचानक हुई स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया और सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर डीसी विनय सिंह तथा पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही डीसी तथा पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डीसी के नेतृत्व में दुकान में छापेमारी की।
मेडिकल में पकड़ जाता इसलिए किरयाणे की दुकान पर रखा था सामान
हालांकि दुकानदार फरार है, लेकिन प्रशासन को अंदेशा है कि यह सामान पास की ही मेडिकल शॉप के लिए रखा गया था। प्रशासन के अनुसार किरयाणे की दुकान और मेडिकल स्टोर चलाने वाले आपस में चाचा-भतीजा हैं। मेडिकल स्टोर पर ये दवाएं आसानी से पकड़ी जाती, इससे बचने के लिए यह सामान किरयाणा शॉप में रखा गया है। बहरहाल आरोपी दुकानदार की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
दुकानदार को लगी भनक, पड़ोसियों के घर से घुसी टीम
दरअसल दुकानदार को स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई की भनक लग गई थी। जब विभाग का बनाया ग्राहक दुकानदार के पास एमटी किट लेने पहुंचा, वह स्थिति को भांप गया और दुकान अंदर से बंद कर भाग गया। ऐसे में विभाग की टीम को पड़ोसी के घर के रास्ते दुकान में जाना पड़ा। आधी रात तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस थाने में कार्रवाई करवाई।
2013 में 873 लड़कियां, 14 में 914 लेकिन 15 में फिर हुई 865
जिले का लिंगानुपात लगातार बिगड़ रहा है। तमाम प्रयासों के बाद भी इसे सुधारने में कोई सफलता नहीं मिल रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2013 में जिले में एक हजार लड़कों के पीछे 873 लड़कियां थी, जो 2014 में 914 तक पहुंच गई, लेकिन पिछले साल यह फिर से महज 865 पर आ गई। ऐसे में जिले की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
विभाग की टीम द्वारा छापेमारी कर ढाठरथ गांव से एक करियाणा की दुकान से नशीली दवाइयां व एमटीपी किट बरामद की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम की शिकायत पर दुकानदार बंटी उर्फ विक्रम के खिलाफ पीएनडीटी, एनडीपीएस तथा ड्रग्स कास्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुरेंद्र सिंह, एसएचओ, पिल्लूखेड़ा।
सभी 39 अल्ट्रासाउंड केंद्रों को सीसीटीवी लगवाने के निर्देश
डीसी विनय सिंह ने जिले के सभी 39 अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने सेंटरों के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवाना सुनिश्चित करें ताकि इन अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आने वालों की जानकारी रखी जा सके।
सोमवार को देर सांय जिला प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ढाढरथ गांव में मेडिकल स्टोर पर एमपीटी किटस (अबॉर्शन करने की किट्स) बेची जा रही हैं। कैंपस में ही चाचा-भतीजा दुकान चला रहे थे। चाचा संजय कपूर का मेडिकल स्टोर था जबकि विक्रम कपूर किरयाणे की दुकान चला रहा था। चूंकि भनक मिलने पर संजय कपूर अपना मेडिकल स्टोर बंद करके भाग गया। इसके बाद विक्रम की किरयाणे की दुकान की तलाशी ली गई। उसकी दुकान से अबॉर्शन करने के काम में प्रयुक्त करने वाली 3 एमपीटी किट्स बरामद हुई। पुलिस में पीएनडीटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया है।
विनय सिंह, डीसी जींद।