फोटो..बाइक बचाने में खड्ड में गिरा ट्रक
नागपुर से काठमांडू संतरे ले जा रहा था ट्रक
सोनहा थाने के पक्का कुआं के पास की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज/सोनहा। महाराष्ट्र के नागपुर से नेपाल की राजधानी काठमांडू संतरे लेकर जा रहा ट्रक डुमरियागंज रोड पर सोनहा थाने के पक्का कुआं के समीप खड्ड में जा गिरा। अत्यंत लापरवाही और तेज गति से आ रही बाइक बचाने की कोशिश में चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक भी पलटने से बचा लिया और किसी को चोटें भी नहीं आने पाईं। इलाहाबाद निवासी ट्रक चालक प्रदीप यादव की मौके पर लोग सराहना करते नहीं थक रहे थे। प्रदीप ने बताया कि वह वह नागपुर से फल लादकर सोमवार सुबह लगभग नौ बजे सोनहा के पक्का कुआं के पास पहुंचा। तभी सामने से आ रहा बाइक लेकर एक युवक आ पहुंचा।
सड़क हादसे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत
सांसद की चौपाल से सामान लेने हलुआ बाजार जा रहे थे
गौर थाना क्षेत्र के केवटहिया गांव के पास हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। बेलवरिया जंगल में लगी सांसद की चौपाल से सामान लेने हलुआ बाजार जा रहे भाजपा बूथ अध्यक्ष श्रीराज वर्मा को अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। मौके पर पहुंचे घर वाले जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में मौत हो गई।
बेलवरिया जंगल के टोला माटपुर गांव निवासी श्रीराज वर्मा (40) भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। रविवार को सांसद हरीश द्विवेदी चौपाल में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। जहां श्रीराज भी मौजूद थे। इसी बीच बूथ अध्यक्ष किसी सामान के लिए बाइक से हलुआ बाजार के लिए निकले थे। अभी वह केवटहिया गांव के पास पहुंचे कि अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मदद में दौड़े। दुर्घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोग आनन-फानन गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस से लोग मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गौर थाने के एसआई दुर्विजय ने बताया कि पिता रामनरेश ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फोटो
बाइक से गिरने पर महिला की मौत
रकम निकालने बैंक जा रही थी, रास्ते में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर असनहरा पेट्रोल पंप के निकट (मैनिहवां) बाइक से गिरकर 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में मौत गई।
दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे असनहरा पेट्रोल पंप के पास घटी। सोनहा थाना क्षेत्र के नौवागांव की पार्वती देवी (35) पत्नी दिलीप कुमार भांजे के साथ बाइक पर पीछे बैठकर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा रामनगर में रुपये निकालने जा रही थीं। अभी वह दोनों असनहरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि अचानक पार्वती बाइक से नीचे गिर पड़ीं। सड़क पर गिरने से उनका सिर फट गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मदद में दौड़े। निजी साधन से तत्काल भानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही पार्वती ने दम तोड़ दिया। लोगों के मुताबिक पार्वती नौवागांव में तीन बच्चों के साथ अकेली रहती थीं। उनके पति दिलीप रोजगार के सिलसिले में बंगलूरू में रहते हैं। हादसे की सूचना पाकर दिलीप बंगलूरू से नौवागांव के लिए चल दिए हैं। घर पर मौजूद तीनों बच्चों आदित्य (12), बोनू (10) और छह वर्षीय अजीत का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूमों की हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही थीं।
अयोध्या जा रहा टेंपो पलटा, छह लोग घायल
सोनहा के सपहा गांव से परिवार जा रहा था अयोध्या
अमर उजाला ब्यूरो
हर्रैया। कस्बे के मुरादीपुर चौराहे पर सोमवार सुबह अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे परिवार का टेंपो अनियंत्रित होने से पलट गया। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। सभी को हर्रैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
सोनहा थाना क्षेत्र के सपहा गांव के राम प्रसाद टेंपो से सपरिवार अयोध्या दर्शन करने जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब आठ बजे जैसे ही ये लोग फोरलेन स्थित हर्रैया कस्बे के मुरादीपुर चौराहे से आगे बढ़े तभी सड़क के किनारे लकड़ी के गुटके को बचाने के चक्कर में टेंपो अनियंत्रित होकर किनारे जाकर पलट गया। घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग दौड़ पड़े। टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में प्रकाश उपाध्याय (30), मिशलावती देवी (40) पत्नी इंद्रजीत पांडेय, ममता देवी (30) पत्नी सभाजीत पांडेय, मिश्रावती पांडेय (50), जनकनंदिनी (60) रामप्रसाद (70 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया में भर्ती कराया गया है। हर्रैया के प्रभारी एसओ बृजेश यादव ने बताया कि घायलों का अस्पताल भेजा गया है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।