सिद्धार्थनगर के लिए भी
ट्रक की चपेट से मदरसा शिक्षक की मौत
पैकोलिया-शिवाघाट मार्ग पर सुजिया के पास हुई घटना
सिद्धार्थनगर जिले के ईटवा का रहने वाले थे इमामुद्दीन
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। अनियंत्रित ट्रक ने एक मदरसा शिक्षक को रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के मुस्लिम पैकोलिया गांव में स्थित मदरसे में सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा निवासी इमामुद्दीन (45) शिक्षक हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे गौर बाजार से मुस्लिम पैकोलिया गांव मोटरसाइकिल से जा रहे थे। अभी वह गौर थाना क्षेत्र के पैकोलिया-शिवाघाट मार्ग पर सुजिया गांव के मस्जिद के समीप पहुंचे थे कि पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी। मोटरसाइकिल सहित शिक्षक सड़क पर गिर गए। घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। जब तक स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे ट्रक चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गौर पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक गौर संजय नाथ तिवारी ने बताया कि शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।