अतिक्रमण पर चला प्रशासन का हथौड़ा
शुगर मिल परिसर से 35 लोगों का अतिक्रमण हटा दिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
मुंडेरवा। शुगर मिल परिसर में बंदी के बाद लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। अब जब इसके निर्माण की कवायद शुरू हुई तो इस अतिक्रमण को हटाने की कवायद प्रशासन ने की। शिलान्यास के बाद परिसर के पास से अतिक्रमण हटा लेने को प्रशासन ने नोटिस दिया था। इसी नोटिस के क्रम में प्रशासन ने अतिक्रमण पर सोमवार को हथौड़ा चलाया।
एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में पीडब्लूडी के अवर अभियंता हरेराम व जीएम आरपी सिंह मय दलबल वहां पहुंच गए और फिर मध्य सड़क नापकर अतिक्रमण खाली करा दिया गया। मिल के जीएम आरपी सिंह ने बताया कि मध्य सड़क से 50 फीट छोड़कर नये शुगर मिल परिसर की बाउंड्री निर्मित होनी है। ऐसे में मिल की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को दो माह पहले ही खुद हटने की नोटिस दिया गया था। बावजूद उन्होेंने कोई पहल नहीं की। हालांकि, 15 दिसंबर को एक बार फिर नोटिस दिया गया। इसके बाद अतिक्रमण हटाया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार अमर चन्द वर्मा, कानूनगो चंद्र प्रकाश दूबे, यार मोहम्मद, गंगा राम यादव के अलावा लेखपाल जीतेन्द्र सिंह, सुरेश पटवा ,शैलेश मणि, रामनिहोर यादव सहित प्रशासनिक व पुलिस अमला मौजूद रहा।