नगर बाजार। थाना क्षेत्र के राजघाट निवासी 65 वर्षीय वृद्ध पत्नी और परिवार के बच्चों के साथ दुर्गा महोत्सव मेला देखने निकले थे। जहां भीड़ में अचानक गायब हो गए। तलाश के बाद जिला अस्पताल के मर्चरी में शव मिला है।
राजघाट निवासी गर्जन निषाद (65) पत्नी मीरा, बेटी अनुशीलन (20), बेटा चंदन(15) व 12वर्षीय बेटे केसरी को साथ मेला देखते समय भीड़ में कहीं खो गए। तभी से तलाश चल रही थी। रिश्तेदारों ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में तलाश की जहां एक लावारिस शव मर्चरी में होने की जानकारी दी गई। मर्चरी में शव को देखकर परिजनों को इसकी सूचना दी। ग्राम प्रधान के पति राम कृपाल यादव के साथ परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। शिनाख्त कर कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा।
पत्नी मीरा निषाद ने बताया कि 23 अक्तूबर की रात में राहगीरों ने डायल100 पुलिस को सूचना दी थी कि डमरूआ के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन की ठोकर से एक वृद्ध घायल पड़े हैं। किसी राहगीर ने जिला अस्पताल बस्ती मे भर्ती कराया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। परिचित के न आने के कारण शव लावारिस में अस्पताल के मर्चरी में रख दिया गया। इसी सूचना के तहत जिला अस्पातल भी खोजने पहुंचे थे। जहां शव मिला।