भानपुर (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र में भानपुर गांव के निकट ट्रैक्टर की चपेट में आकर 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। भानपुर( खटिकहिया) निवासी रामचन्द्र सोनकर खेत से धान काटकर ला रहे थे। गांव के बाहर भानपुर-तेनुआ-असनहरा मार्ग पर पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर की ठोकर लगते ही सड़क पर गिर गए जिससे उनका सिर फट गया। दुर्घटना होते ही घटना स्थल पर गांव वालों की भारी भीड़ जुट गई। आनन-फानन में परिवार के लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद रामचंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गांव के लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक और ट्रैक्टर को थाने चली आई। रामचन्द्र के बेटे जीतू की तहरीर पर चालक राजकुमार चौधरी उर्फ राजू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेती किसानी से परिवार चलाते थे रामचन्द्र
सड़क हादसे में मारे गए रामचंद्र सोनकर खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। पत्नी सुन्नरा देवी (50), बेटा जीतू (30), सुरेश (25) और बेटी शोभा (22) का रो रो कर बुरा हाल है। रामचन्द्र अभी गृहस्थी संवार ही रहे थे। बच्चों का विवाह कर चुके थे। अचानक हुए हादसे से परिवार वाले बेसुध जैसे हालात में हैं। सांत्वना देने वालों की भी आंखें छलक जातीं। प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पीडित परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर चालक के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कराकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।