रकम लेकर सरकारी बसों में सफर करने वाले व्यापारियों को लूटने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के सरगना सहित चार गुर्गे रविवार भोर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके जरिए पांच अन्य टप्पेबाजों का नाम सामने आया है। गिरफ्तार बदमाशों ने शहर की कई घटनाओं के अलावा बाराबंकी के राम सनेही घाट ढाबे और खलीलाबाद की घटना में शामिल होनेे की बात कबूली है। पुलिस ने इनके पास से साढ़े 76 हजार रुपये की नकदी के अलावा अन्य सामान बरामद किया है।
रविवार दोपहर पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी रोहित मिश्र ने बताया कि पूरी गैंग अंबेडकरनगर जिले की है, जिसका सरगना आलापुर निवासी अवधेश निषाद है। उसने खुद बताया कि फैजाबाद, बाराबंकी , सुल्तानपुर , जौनपुर , अंबेडकरगर एवं संतकबीरनगर के प्रमुख बाजारों, रोडवेज एवं रेलवे स्टेशन पर दो-दो की संख्या में घूमकर ज्यादा रकम लेकर चलने वाले की रेकी करते हैं। सफर के दौरान नजदीकी बनाकर मौका मिलते रुपये वाला बैग चुराकर भाग जाते हैं।
पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित चार को गिरफ्तार किया, जिनमें अवधेश निषाद निवासी शाहपुर औराव थाना आलापुर जनपद अंबेडकर नगर, सूरज निषाद निवासी सेमरा मानपुर थाना जहांगीरगंज, आसाराम उर्फ भोपल निवासी सेमरा मानपुर थाना जहॉगीरगंज, इंद्रेश निषाद निवासी गोहनारपुर आलापुर शामिल हैं। भानु प्रताप निवासी दौलतपुर थाना जलालपुर, राजेन्द्र प्रसाद निवासी घुरहूपुर बसखारी, बजरंजी निषाद निवासी सेमरा मानपुर थाना जहॉगीरगंज, सुरेन्द्र गौंड़ उर्फ महरा निवासी गोहनारपुर और तेरसू निषाद निवासी सेनरा पट्टी थाना अतरौलिया जनपद आजमगढ़ की तलाश है। 16 अप्रैल को बाराबंकी जिले के राम सनेही घाट स्थित काशीपुर मिड वे ढाबे से रकम से भरा बैग चोरी करने और सात अप्रैल को कस्बा खलीलाबाद संतकबीर नगर से रुपयों का बैग चोरी की घटना करने में इसी गिरोह के लोग शामिल रहे।