ब्लॉक संसाधन केंद्र कुदरहा में पिछले पांच साल में सर्व शिक्षा अभियान के धन को तीन खंड शिक्षा अधिकारियों और एक सह समन्वयक ने चार लाख पचास हजार से अधिक का गोलमाल किया। दोषी अधिकारियों से धन की वसूली और उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की सिफारिश शिक्षा निदेशक बेसिक से की गई है। बीआरसी कुदरहा में वित्तीय वर्ष 2011-12 से वर्ष 2016-17 के बीच हुए वित्तीय अनियमितता की जांच शासन के निर्देश पर पहले एडी बेसिक डॉ. एसपी त्रिपाठी ने किया। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा, बृजेश कुमार त्रिपाठी, जगदीश यादव और धुवचंद्र जायसवाल और सह समन्वयक राम उग्रह यादव को दोषी मानते हुए कार्रवाई करने की संस्तुति की। कितने धन का गोलमाल किया गया। इसकी जांच करने के लिए धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और अनूप कुमार सिंह सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी को भेजा। लेखा टीम ने जो रिपोर्ट की है, उसमें ध्रु्व प्रसाद जायसवाल को एक दम बरी कर दिया गया जबकि एडी बेसिक ने इन्हें भी घपले का जिम्मेदार रिपोर्ट में बताया था। इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इसी तरह एक अन्य बीईओ पर दो लाख के गबन का मामला सामने आया था। उसे मात्र 31756 कर दिया गया।
सबसे अधिक राम उग्रह ने किया गोलमाल
गोलमाल के रकम की वसूली जिन खंड शिक्षा अधिकारियों और सह-समन्यवक से करने के की संस्तुति की गई है, उनमें सह-समन्यवक राम उग्रह यादव से 2,39,156, खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा से 31,756 रुपये, जगदीश यादव से 1,30,000 रुपये और खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार तिवारी से 1,14,110 सहित कुल 4,50,022 रुपये वसूली होनी है।