एसपी से कोतवाल और दरोगा पर कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता गोपेश्वर त्रिपाठी के उत्पीड़न का मामला गरमाया
सदर विधायक के साथ एसपी से मिलने पहुंचे भाजपा नेता
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। चुनाव के दिन 12 मई को शहर के आर्य कन्या बूथ पर पुलिस व्यवहार से भाजपा नेता गोपेश्वर त्रिपाठी की कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि पुलिस ने मारापीटा और हिरासत में ले लिया था। इससे क्षुब्ध भाजपा नेताओं ने मंगलवार को विधायक सदर दयाराम चौधरी के नेतृत्व में एसपी से मिलकर कोतवाल और दरोगा पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी पंकज कुमार से सदर विधायक ने बताया कि भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपेश्वर त्रिपाठी 12 मई को आर्य कन्या बूथ पर मतदान करने गए थे। जहां बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम आदि को कोतवाल लाठियां भांजते हुए जबरिया बाहर निकाल रहे थे। गोपेश्वर त्रिपाठी ने एतराज जताया। कहा कि बीएलओ चुनाव आयोग के निर्देश के तहत मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए रखे गए हैं। इन्हें किसके निर्देश पर किन नियमों के तहत हटाया गया। यह जानकारी एसडीएम सदर को फोन से दे ही रहे थे कि कोतवाल एमपी चतुर्वेदी, दारोगा दिनेश यादव ने पीटना शुरू कर दिया। साथ में गोपेश्वर को कोतवाली लेकर चले गए। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपेश्वर त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष अमरेश पाण्डेय, विमलेन्द्र सिंह, विजय बिहारी तिवारी, अजय कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार पाण्डेय, अमर सोनी, रमेश कुमार गुप्ता, शक्तिदीप पाठक, जगदीश पाण्डेय, ऋषभ श्रीवास्तव, दिनेश गुप्ता, सीताराम श्रीवास्तव, अनुराग शुक्ल, रामानन्द ‘नन्हे’ अखण्ड पाल, सुधाकर पाण्डेय, राजकुमार शुक्ल, बागीश, राखी सोनी, शैलेन्द्र राजन, सुनील तिवारी, विशुद्धानन्द त्रिपाठी समेत भाजपा के अनेक पदाधिकारी भी मौजूद रहे।