बाइकें टकराईं, एक की मौत दूसरा गंभीर
दुबौलिया के सूदीपुर संपर्क मार्ग पर हुई दुर्घटना
हेलमेट नहीं होने से सिर में दोनों को लगी चोट
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। दो बाइक चालकों की आमने-सामने की टक्कर में एक की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। दूसरे को अयोध्या अस्पताल के डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी है।
दुर्घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे दुबौलिया थाना क्षेत्र के सूदीपुर-साड़पुर सम्पर्क मार्ग स्थित रमन तौफीर गांव के पास हुई। रमना तौफीर गांव के विषराज राजभर कर 17 वर्षीय बेटा शिवम राजभर लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन देख कर बाइक से घर वापस जा रहा था। गांव के पास पहुंचा ही था कि अशोकपुर गांव में रिश्तेदार हरीलाल चौहान के घर जा रहे 27 वर्षीय दीपक पुत्र मिश्री लाल निवासी सरैया खत्री थाना वजीरगंज गोंडा की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हेलमेट नहीं लगाने की वजह से दोनों के सिर में गंभीर चोटें लगीं। अचेतावस्था में देखकर किसी राहगीर ने घटना की सूचना डायल 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत ले गई। जहां पर चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने शिवम राजभर को मृत घोषित कर दिया जबकि दीपक को मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। जहां पर हालत गंभीर बनी हुई है।