त्योहारों के मद्देनजर और शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को रोडवेज से साढ़े तीन क्विंटल खोवा बरामद किया। मिलावटी होने के संदेह में टीम ने इसे जब्त कर लिया। यह खोवा किसका है? कोई इसे अपना बताने को तैयार नहीं था। फिलहाल टीम ने खोवा के नमूने भरकर जांच के लिए लखनऊ भेजा दिया है।
सुबह करीब नौ बजे अभिहित अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश श्रीवास्तव, जय प्रकाश, नरेंद्र प्रताप सिंह, राकेश शुक्ल की टीम जांच के लिए निकली थी। इसी बीच रोडवेज पर परिवहन निगम की बस से बोरों को उतारते देखा। खोवा मंडी के निकट बोरे उतरते देख टीम वहां रुक गई। निगम के चालक व परिचालक से बोरों के बारे में जानकारी हासिल किया। पता चला कि बोरों में साढ़े तीन क्विंटल खोवा है, जो कानपुर मंडी से यहां भेजा गया है। परिचालक ने खोया के मालिक के नाम से अनभिज्ञता जाहिर की। टीम ने थोड़ी देर तक खोवा के मालिक का इंतजार किया, मगर जब 11 बजे तक वहां इसे लेने कोई नहीं आया तो टीम ने इसे अपनी अभिरक्षा लेकर सुरक्षित कर लिया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि खोवा के नमूने भर कर लखनऊ भेज दिया गया है। 24 घंटे तक इसके मालिक का इंतजार किया जाएगा। इसके बाद खोवे को नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।