गोंडा के ध्यानार्थ
छानबीन करने बभनान पहुंचे सीओ जीआरपी
मृत मिली छात्रा के परिजनों से की बातचीत
बभनान में अप ट्रैक पर मिला था गरिमा का शव
घटना स्थल का लिया जायजा
बस्ती/बभनान। बभनान रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिले बीटेक छात्रा के शव के मामले में बुधवार को जीआरपी गोरखपुर के सीओ बभनान पहुंचे और मामले की छानबीन की। इस दौरान उन्होंने गरिमा के परिजनों से बातचीत की की। परिजन जहां हत्या की आशंका जता रहे हैं, वहीं, जीआरपी इसे आत्महत्या मान रही है।
सीओ श्रीप्रकाश राय ने बताया कि सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है। मंगलवार की सुबह बभनान स्टेशन के पूर्वी छोर पर अप ट्रैक के किनारे लखनऊ के आईटी कॉलेज के बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा गरिमा सिंह के शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव दो हिस्सों में बंट गया था। बताया कि मोबाइल के जरिए शव की शिनाख्त हुई। मूल रूप से गरिमा देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र की चंदौली छावनी गांव की रहने वाली थी। सोमवार को वह बेल्थरा से ट्रेन पकड़कर लखनऊ के लिए निकली थी। दूसरे दिन उसका शव बभनान रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर पाया गया। गरिमा के पिता रमेश सिंह ने कहा कि उनकी पुत्री ने न तो आत्महत्या की है और न ही दुर्घटना की शिकार हुई हैं। बल्कि किसी ने उसकी हत्या की है। जीआरपी इंस्पेक्टर आनंद सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण क्रश इंजरी (ट्रेन से कटकर मौत) आया है जो आत्महत्या की ओर संकेत करता है।