कार की चपेट में आकर मां-बेटा घायल
कोतवाली क्षेत्र के गिदही के पास दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। स्कूूटी से जा रहे मां-बेटे कार की चपेट में आ गए। पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
हादसा रविवार को दोपहर करीब एक बजे हुआ। कोतवाली क्षेत्र के डारीडीहा निवासी भानु प्रताप (25) अपनी मां सरस्वती देवी (60) के साथ स्कूटी से मुंडेरवा की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। वह कोतवाली क्षेत्र के बस्ती मुंडेरवा मार्ग पर गिदही के पास पहुंचे थे, इसी बीच पीछे से आ रही कार से टक्कर लग गया। इस हादसे में स्कूटी पर सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस चौकी इंचार्ज सुदामा यादव ने आसपास के लोगों और एंबुलेंस के सहयोग से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दूसरी तरफ मुरलीजोत के पास से आरोपी कार चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। साथ ही वाहन भी कब्जे में ले लिया। चालक को पुलिस कोतवाली ले आई। घटना की जानकारी भानु प्रताप के परिवार वालों को दी गई। जिला अस्पताल में दोनों घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।