प्लास्टिक की पिस्टल से अपहरण की कोशिश
भागते समय पब्लिक के हत्थे चढ़ा एक मनचला
वाल्टरगंज क्षेत्र की पीड़िता के साथ सरेराह हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज (बस्ती)। रोमियो स्टाइल में छात्रा से सरेराह छेड़खानी करना मनचले पर भारी पड़ गया। राहगीरों के हत्थे चढ़े युवक की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि तमंचे के बल पर बाइक सवार दो युवकों ने छेड़खानी की। मनचले की जेब से प्लास्टिक की पिस्टल निकली।
छात्रा के पिता ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें आरोपी के पहले भी आशनाई को लेकर विवाद में नामजदगी की बात बताई गई है। सीओ सदर आलोक सिंह के अनुसार प्रकरण के सभी पहलुओं की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। सोमवार देर शाम सुर्खियों में आए इस नाटकीय मामले की तहरीर के मुताबिक दोपहर करीब 2:00 बजे नाबालिग छात्रा के कोचिंग से लौटते समय अचानक मोटरसाइकिल से पहुंचे दो युवक उसका हाथ पकड़कर खींचने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, इसी बीच मौका पाकर एक आरोपी भाग निकला। दूसरे को पब्लिक ने पकड़ कर थाने पर सूचना दी। पुलिस उसे थाने पर ले आई। मनचले ने खुद को कठनौली थाना वाल्टरगंज निवासी सत्येंद्र बताया। फरार हुआ युवक उसके मामा का बेटा यानी ममेरा भाई है। गांव के तमाम लोग थाने पहुंच गए, जिनके साथ पहुंचे पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दी।