भानपुर (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसहिया के नौडिहवा में शनिवार दोपहर काटते समय पेड़ गिरने से मजदूर की दबकर मौत हो गई। सोनहा पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे कोपा निवासी 48 वर्षीय रामपाल कुछ लोगों के साथ नौडिहवा में यूके लिप्टस काटने गए थे। पेड़ काटते समय अचानक गिर गया जिसके नीचे रामपाल दब गए। टहनियों के बीच बुरी तरह से फंसे रामपाल का एक पैर टूट गया और जब तक लोग पेड़ के नीचे से निकाल कर अस्पताल ले जाते घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गांव वालों का कहना है कि रामपाल की मौत होते ही साथ में काम कर रहे लोग भाग निकले। रामपाल मेहनत मजदूरी करके किसी तरह परिवार का जीवन यापन करते थे। घर में पत्नी शकुन्तला और सात बच्चे पिंटू, सिंटू, रिंकू, अंगूरा, प्रीति, इन्द्रावती और धमिना का रो रोकर बुराहाल है।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।