बसेवा फायरिंग : प्रधान समेत चार अभियुक्त
शुक्रवार रात निमंत्रण से लौटे बब्बन पर हुआ था हमला
ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में निकाली गई गोली, दर्ज हुआ केस
अमर उजाला ब्यूूरो
बस्ती/हर्रैया। क्षेत्र के बसेवा पांडेय में शुक्रवार की रात फायरिंग में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती रामशंकर उर्फ बब्बन पांडेय की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के 72 घंटे बाद उनके भतीजे पंकज की तहरीर पर ग्राम प्रधान विजय प्रताप वर्मा, बसेवा पांडेय निवासी अमरनाथ पाण्डेय, उनके बेटे शिवकुमार व इन्द्रपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक कपिल मुनि सिंह के अनुसार आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार शाम बसेवा पांडेय निवासी रामशंकर उर्फ बब्बन पांडेय (52) को निमंत्रण से घर लौटते समय बाइक सवार हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। ग्रामीण एकत्र होते देखकर हमलावर भाग निकले। घायल बब्बन को परिजन घायलावस्था में हर्रैया सीएचसी और फिर जिला अस्पताल अयोध्या ले जाया गया। जहां फंसी गोली निकालने के लिए चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। जहां गोली निकालने के बाद रविवार रात बब्बन के भतीजे पंकज हर्रैया थाने पहुंचे और तहरीर देकर ग्राम प्रधान समेत चार लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया।