ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट से साइकिल सवार की मौत
वाल्टरगंज के परसालाल शाही की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के परसालाल शाही के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
हादसा मंगलवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। मझौआ जगत के 55 वर्षीय महेंद्र साइकिल से मनोरी आ रहे थे। तभी फ्लाईओवर की तरफ से पीछे से पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल महेंद्र की थोड़ी ही देर में मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई राजेंद्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली व चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। लोगों का कहना था कि सुबह घर से मनोरी स्थित आरकेबीके एजेंसी पर काम करने जा रहे थे।
बोलेरो की ठोकर से वृद्ध दंपती घायल
पत्नी की दवा कराने साइकिल से जा रहे थे मेहीलाल
डुमरियागंज मार्ग पर जिनवा चौराहे के पास दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग स्थित जिनवा चौराहे के पास बोलेरो की ठोकर से साइकिल सवार वृद्ध दंपति घायल हो गए। पत्नी की दवा कराने के लिए जिला अस्पताल जा रहे थे। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के झलहनिया निवासी मेहीलाल (70) की पत्नी दशरथा (67) की तबीयत खराब चल रही है। मंगलवार को साइकिल पर बैठाकर मेहीलाल दवा कराने के लिए घर से जिला अस्पताल के लिए निकले थे। अभी दंपती जिनवा चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी की मदद में लोग दौड़े। आपसी सहयोग से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ ले गए। हादसे की जानकारी पुलिस को भी दी। वहीं, डॉक्टर ने मेहीलाल की स्थिति नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पत्नी दशरता को हल्की चोट लगी थी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर लौट गई।
स्कार्पियो की ठोकर से साइकिल चालक गंभीर
नगर बाजार। थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित गोटवा बाजार के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार स्कार्पियो ने साइकिल चालक को चपेट में ले लिया। वाहन की ठोकर से गंभीर घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
नगर थाना क्षेत्र के बंजरिया निवासी 55 वर्षीय जोखू यादव मंगलवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से कुछ जरूरी काम से गोटवा बाजार आए थे। अपना काम निपटाकर वह वापस घर जा रहे थे। अभी वह गोटवा बाजार के पास पहुंचे ही थे कि तभी तेज रफ्तार स्कार्पियो का अगला पहिया फट गया। इसके चलते अनियंत्रित होकर गाड़ी ने जोखू यादव को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरकर जोखू गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना फुटहिया पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंचे चौकी प्रभारी अशोक वर्मा ने घायल को प्राइवेट एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घर वालों को भी हादसे की जानकारी दी। चौकी प्रभारी अशोक वर्मा ने बताया कि स्कार्पियो लेकर चालक राजस्थान से देवरिया जा रहा था। अचानक टायर फट जाने से बेकाबू हो गई। पुलिस ने स्कार्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है।
बोलेरो की चपेट में आए वृद्ध का पैर टूटा
वाल्टरगंज। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक चौराहे पर साइकिल सवार वृद्ध बोलेरो की चपेट में आ गए। इससे उनका दायां पैर व कमर टूट गई। लोगों की सूचना पहुंची हाईवे की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सोनौरा गांव के 65 वर्षीय दुर्गा शंकर पाठक पांडेय बाजार से घरेलू सामान लेकर घर जा रहे थे। अभी वह पॉलिटेक्निक चौराहे को पार कर ही रहे थे कि तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल सहित 15 फिट दूर तक घिसट गए। इससे दायां पैर टूट गया। कमर पर भी ज्यादा चोट लगी है। चौराहे के लोगों ने हाईवे के एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। घटना के कुछ समय बाद सूचना पर पहुंची पत्नी मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घर पर यही दोनों रहते हैं। इनके बच्चे बाहर प्रदेश में हैं।
सड़क पर घायल मिली महिला की मौत
बस्ती। शहर के शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज के पास सड़क पर घायल मिली महिला ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे राहगीरों की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की शिनाख्त भानमती (70) पत्नी मंगल प्रसाद निवासी पुराना डाकखाना, कोतवाली के रूप में की गई। चौकी प्रभारी गांधीनगर मीरा चौहान के अनुसार भानमती पैदल कुछ सामान लेने जा रही थीं। लेकिन वह सड़क पर कैसे गिर गईं किसी को नहीं पता। कोतवाल एमपी चौबे ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सड़क हादसे में युवक घायल
ओड़वारा। कोतवाली थाना क्षेत्र के बस्ती-कांटे मार्ग पर बटेला कस्बे के पास मंगलवार शाम करीब सात बजे बस की ठोकर से एक युवक गंभीर घायल हो गया। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बनकसही गांव निवासी 24 वर्षीय सुनील गुप्ता अपनी स्कूटी से शाम को बाजार से गांव लौट रहा था। अभी वह बटेला कस्बे के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही रोडवेज बस ने चपेट में ले लिया। स्कूटी सवार सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को निजी साधन से जिला अस्पताल ले गए। यहां उसका इलाज चल रहा है।