जेवर चमकाने में लेकर चंपत हुए उचक्के
ग्राम प्रधान परिवार की पांच महिलाओं के चमका रहे थे जेवरात
अमर उजाला ब्यूरो
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के पुरैना खास में गहने चमकाने आए युवकों ने पांच महिलाओं के जेवरात पर ही हाथ साफ कर दिया। पांचों महिलाएं ग्राम प्रधान के घर की हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के पुरैना खास गांव में शनिवार को दिन के करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आ गए। जेवरात साफ कराने की आवाज गांव में घूम-घूमकर लगाने लगे। तभी ग्राम प्रधान मोहम्मद सलीम उर्फ कल्लू की पत्नी रेहाना बानो, बेटी अलीमा बानो सफाई करने आए युवक को रोककर जेवरात साफ करने को कहा। दोनों युवक रुक गए। चांदी की दो जोड़ी पायल साफ कर दिखाई, जो चमकने लगी थी। तभी उन्हीं केे घर की नतीमा बानो, परवीन बानो तथा अलफिया भी सोने, चांदी के जेवरात साफ करने के लिए दे दीं। इसमें सोने का कान का झाला चार जोड़ी, मंगलसूत्र, सोने का हार, कान की बाली भी दीं। महिलाएं बताती हैं कि तभी थोड़ा-थोड़ा पाउडर मेरे हाथ पर यह कहते हुए रखा कि यही पाउडर है देख लो अच्छे से जेवरात को साफ कर देता है। महिलाएं घर में हाथ धोने चली गईं तो मौका पाकर दोनों युवक जेवरात बंटोरकर चंपत हो गए। महिलाओं ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। परिवार के लोग उन्हें खोजने लगे। तब तक उचक्के फरार हो गये थे। पीड़ित प्रधान ने घटना की सूचना डॉयल 100 पुलिस व मुकामी पुलिस को दी है।