रुधौली (बस्ती)। बस्ती-सिद्धार्थनगर बॉर्डर पर रुधौली नगर पंचायत के रमनगरा स्थित एक खेत में शुक्रवार सुबह उम्रदराज व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। क्षत-विक्षत होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है तो दांए पैर का मांस भी गायब है।
एसपी दिलीप कुमार, सीओ रुधौली शिवप्रताप सिंह, थानाध्यक्ष केडी सिंह के साथ फॉरेसिंक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष आंकी जा रही है। शरीर पर हरे रंग का कुर्ता है, जबकि सफेद रंग की धोती थोड़ी दूरी पर फेंकी मिली। क्षत-विक्षत होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। एसपी का कहना है कि शिनाख्त में सिद्धार्थगनर पुलिस की भी मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पूरी तरह साफ हो सकेगी।