रेल ट्रैक के किनारे बेहोश मिला युवक
बभनान रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर डाउन ट्रैक पर घटना
आरपीएफ ने सीएचसी गौर पहुंचाया, जिला अस्पताल रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर आउटर के पास एक 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश की हाल में मिला है। स्टेशन अधीक्षक के मेमो पर आरपीएफ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की शिनाख्त की कोशिश चल रही है।
मंगलवार दोपहर रेलवे स्टेशन से पश्चिमी आउटर सिंगनल के पास डाउन ट्रैक के किनारे आसपास के लोगों ने बेहोश युवक को देखा। देखते ही देखते वहां स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी गई। मेमो के बाद आरपीएफ चौकी प्रभारी बभनान राजेंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर युवक को 108 नंबर एंबुलेंस से सीएचसी गौर पहुंचाया। जहां से युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बाबत आरपीएफ चौकी प्रभारी बभनान राजेंद्र यादव ने बताया कि प्रथमदृष्टया युवक किसी ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद बेहोश हुआ है। दिल्ली से बस्ती का टिकट मिला है। उसके पास मोबाइल मिला, जिसका डिस्प्ले खराब है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।