साइकिल सवार दंपती की कुचलकर मौत
फोरलेन पर मुंडेरवा के परसा हज्जाम चौराहे के पास हादसा
पति की मौके पर, पत्नी ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। फोरलेन पर मुंडेरवा थाने के परसा हज्जाम चौराहे के पास बुधवार को साइकिल सवार पति-पत्नी को किसी बेकाबू वाहन ने कुचल दिया। पति की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुंबई में शटरिंग का काम करने वाले मुंडेरवा थाने के पटखौली निवासी ज्ञानदास (50) करीब चार माह पूर्व गांव लौटे। दोबारा वहां न जाकर यहीं काम करने लगे। बुधवार को वह अपनी पत्नी गुजराती (45) को साइकिल पर बैठाकर मुंडेरवा स्थित बैंक पर पासबुक अपडेट कराने गए। दोपहर के वक्त दोनों के घर लौटते समय खजौला चौकी के परसा हज्जाम चौराहे पर गोरखपुर की तरफ से आए तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग मदद को दौड़े। सूचना पर खजौला चौकी प्रभारी टीम के साथ पहुंच गए। ज्ञानदास की घटनास्थल पर ही मौत हुआ देखकर पुलिस व आसपास के लोग गंभीर रूप से घायल गुजराती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।