एक ही रात दो गांवों के पांच घरों में चोरी
डेढ़ लाख नकदी समेत गहने और कीमती सामान उठा ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। दो दिन पहले बभनान कस्बे में दो अलग-अलग घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। शुक्रवार की रात कस्बे से सटे गोंडा जिले के खोडारे थाना क्षेत्र के दो गांवों के पांच घरों से चोर डेढ़ लाख रुपये नकद और गहने समेट ले गए। सीओ मनकापुर के नेतृत्व में छपिया व खोड़ारे पुलिस रात में ही गांव पहुंची। पुलिस के अलावा डाग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम भी जांच पड़ताल में जुटी है।
शुक्रवार की रात रतनपुर निवासी दीनानाथ उर्फ श्रीकांत तिवारी के छत के रास्ते घर में घुसे चोर दो सेट हार, चार कंगन, दो झुमकी, पांच अंगूठी, तीन सोने की चेन, दो सोने के मंगल सूत्र, करधन, पाजेब, पायल व 55 हजार रुपये उठा ले गए। श्रीकान्त ने बताया घर में 17 अप्रैल को बेटी का गौना है। उसी की तैयारी की जा रही थी। चोरी की दूसरी घटना विपिन तिवारी के घर घटी। यहां भी चोर छत के रास्ते अंदर घुसे और आलमारी से एक झुमकी, एक झाला, तीन नथुनी, दो सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, पाजेब और 8000 रुपये उठा ले गए। चोरों ने राम अजोर तिवारी के घर को भी निशाना बनाया। यहां चोर दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुए और दो हजार रुपये नकद व पायल आदि समेट ले गए। वहीं रतनपुर से सटे शिकहरा गांव के रघुपति सिंह के घर पीछे के दरवाजे को तोड़ कर अंदर घुसे चोर बॉक्स में रखे सोने की दो कर्ण फूल, सोने की दो जंजीर, 60 हजार रुपये आदि उठा ले गए। चोरी की पांचवीं घटना भी सिकहरा गांव के विनोद के घर हुई। विनोद के मुताबिक भैंस बेची गई थी। जिसमें से 20 हजार रुपये समेत सोने का कर्णफूल आदि कीमती सामान चोर उठा ले गए। पीड़ितों ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी मनकापुर एसके रवि ने बताया जनपद से सटे बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के इलाके के चोरों पर नजर रखी जा रही है। दोनों जनपदों के सीमा क्षेत्र का मामला है। थानाध्यक्ष गौर से मदद ली जा रही है। जल्द ही चोरियों का पर्दाफाश किया जाएगा ।