फंदे से लटकी युवती की मौत
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा
घटना कलवारी थाना क्षेत्र के चकदहा गांव का है
अमर उजाला ब्यूरो
कलवारी। थाना क्षेत्र के चकदहा गांव में मंगलवार को 20 वर्षीया युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार देर शाम पंखे में बंधे फंदे से लटकता शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चकदहा के राम गोपाल की मृत्यु होने के बाद पत्नी चार बेटियों व एक बेटे को लेकर रहती थीं। सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। मंगलवार को मां कलवारी बैंक पर रुपये निकालने गई थीं। कुसौरा के एक स्कूल में पढ़ने वाली सबसे छोटी बहन रिशू छुट्टी होने के बाद घर पहुंची तो कोई मौजूद नहीं मिला। बड़ी बहन सोनाली खेत में कुछ काम करने गयी थी। उसने बंद कमरे का दरवाजा खटखटाना शुरू किया। भीतर से कोई सुगबुगाहट न होने पर वह भागी खेत में पहुंची और अपनी बहन को बताई। दोनों बहनें भागतीं घर पहुंचीं और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया किन्तु खुला नहीं। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा कि 20 वर्षीया डाली पंखे में दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी नजर आई। भाई मुंबई में रहकर नौकरी करता है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश दूबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।