बस्ती। किराये के भवन में चल रहे जनपद के चार शैय्या के तीन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है। भवन में रंगाई और बिजली संबंधित कार्य चल रहा है। माना जा रहा है कि भौतिक सत्यापन के बाद जल्द ही इन भवनों को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
जिले में चार बेड के छह राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन के निर्माण के लिए कुल 1.76 लाख रुपये मिले थे। एक अस्पताल के निर्माण पर कुल 29 लाख 40 हजार रुपये खर्च किए जाने हैं। इसमें गौसपुर, गौरापांडेय, जनवल, महसों, कोर्ट एरिया और लालगंज में निर्माण होना था। बताया गया कि गौसपुर, गौरापांडेय और जनवल में भूमि आवंटित हो गया था। जिसके बाद वहां निर्माण कार्य करके भवन संबंधी कार्य पूर्ण करा दिया गया है।
बताया गया कि महसों व कोर्ट एरिया में भूमि का आवंटन न होने से अभी तक निर्माण नहीं शुरु हो पाया है। विभाग इन अस्पतालों के निर्माण के लिए भूमि की तलाश कर रहा है। पूर्व में जहां भूमि चिन्हित हुई थी, वहां रास्ता न होने के चलते निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हुआ। महसों में भूमि का चिह्नांकन हुआ था, लो-लैंड होने के चलते कार्यदायी संस्था ने निर्माण से हाथ पीछे खींच लिया। वहीं, लालगंज के लिए जमीन मिल गई है, वहां पैमाइश के बाद कार्य शुरू होने जा रहा है।
कोट
तीन राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। एक पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। दो अस्पतालों के लिए भूमि खोजी जा रही है।
-डाॅ. जगदीश यादव, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, बस्ती।