बस्ती। बिजली संकट और अघोषित कटौती के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में विद्युत निगम के मुख्य अभियंता विजय कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तत्काल प्रभाव से बिजली कटौती बंद कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि लगातार हो रही अघोषित कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य अभियंता ने एक सप्ताह के भीतर बिजली कटौती की समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनहित के मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर बाजार में व्यापारियों से संपर्क कर यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में जागरूक किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इस दौरान देवेंद्र श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव, डॉ. दीपेंद्र सिंह, डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।