बस्ती। दिवाली पर महानगरों से एक्सप्रेस ट्रेनों से गांव आने के लिए प्लान बना रहे यात्री सावधान हो जाएं। क्योंकि त्योहार के चलते दिल्ली, मुंबई, लुधियाना से आने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें नो रूम हो गई हैं। इनमें कंफर्म टिकट संभव नहीं है। जबकि गोरखधाम सुपरफास्ट, बांद्रा, आम्रपाली और कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग टिकट की भी कोई गुंजाइश नहीं है।
दिवाली व छठ पर्व के चलते बड़े शहरों से भारी संख्या में लोग त्योहार मनाने के लिए गांव आते हैं। इससे नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ रहती है। राहत के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से महानगरों के लिए कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। बावजूद इसके कई एक्सप्रेस ट्रेनें अभी से नो रूम हो गई हैं।
रेलवे के अनुसार 6 नवंबर को मुंबई से आने वाली बांद्रा एक्सप्रेस में स्लीपर, थर्ड एसी, इकॉनमी कोच, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी कोच नो रूम है। जबकि थर्ड एसी में 160 वेटिंग चल रहा है। मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर कोच में 165, थर्ड एसी में 166 वेटिंग है और सेकंड एसी कोच नो रूम है।
इसी तरह कुशीनगर एक्सप्रेस में स्लीपर कोच, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी नो रूम चल रहा है, जबकि थर्ड एसी में 210 वेटिंग है। 7 नवंबर को दिल्ली से आने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में 160, थर्ड एसी में 180 वेटिंग है। सेकंड एसी व फर्स्ट एसी कोच को नो रूम किया गया है। वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर कोच में 140 व फर्स्ट एसी में 25 वेटिंग चल रहा है। थर्ड एसी इकॉनमी कोच व सेकंड एसी कोच नो रूम हो गया है।
इसी तरह दिल्ली से आने वाली गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में किसी भी तरह का कोई कंफर्म टिकट मिलना संभव नहीं है। 6 नवंबर को लुधियाना से आने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर कोच में 165 और सेकंड एसी में 15 वेटिंग और थर्ड एसी कोच को नो रूम घोषित किया गया है। जबकि आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन पूरी तरह से नो रूम चल रही है। इस ट्रेन में किसी भी तरह के टिकट की कोई गुंजाइश नहीं है।
कोट ::: दिवाली व छठ त्योहार पर महानगरों से आने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें नो रूम हो गई हैं। यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। विशेष स्पेशल ट्रेनों में कंफर्म बर्थ को लेकर रेलवे की ओर से अवगत भी कराया जा रहा है। -सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर