- डीआईजी ने बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर के एसपी संग की अपराध समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीआईजी दिनेश कुमार पी. ने सोमवार को बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जनपद के एसपी के साथ मासिक अपराध समीक्षा की। जिसमें पाया कि महिला संबंधी अपराधों जैसे बलात्कार, शीलभंग, अपहरण आदि में वृद्धि हुई है। इसी तरह एससी-एसटी अधिनियम के प्रकरण भी बढ़े हैं। निर्देश दिया कि विवेचनाओं का 60 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। जघन्य अपराधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी की जाए।
डीआईजी ने कहा कि आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई विगत वर्ष की तुलना में कम हुई है। पुरस्कार घोषित 25 हजार व उससे अधिक के अपराधियों की संख्या बस्ती में सात व संतकबीरनगर में दो हैं। जिनकी टीम गठन कर यथाशीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जाए। कहा कि गैंगेस्टर एक्ट के तहत चिह्नित कर संपत्ति जब्त किए जाएं। गोवध निवारण अधिनियम के वांछित आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी करें।
डीआईजी ने कहा कि वाहन चोरी के मुकदमों में आरोपितों की गिरफ्तारी कराते हुए चोरी वाहनों की शत प्रतिशत शीघ्र बरामदगी होनी चाहिए। सभी मुकदमों में विवेचकगण से ई साक्ष्य एप पर एसआईडी अपलोड करें। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित प्रकरणों में शत प्रतिशत फीडिंग कराई जाए। समीक्षा बैठक में बस्ती के एसपी अभिनंदन, संतकबीर नगर के एसपी सत्यजीत गुप्ता, सिद्धार्थनगर के एसपी अभिषेक महाजन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-