बहादुरपुर। विद्युत उपकेन्द्र कलवारी के अंतर्गत रसोइया गांव में मंगलवार को जिस उपभोक्ता का कनेक्शन जेई की मौजूदगी में काटा गया था, उसका कनेक्शन बुधवार को उपकेन्द्र पर धरना देने के बाद जोड़ दिया गया। मंगलवार को राजस्व बढ़ाने के लिए अवर अभियंता अपनी टीम के साथ बड़े बकाएदारों के यहां पहुंच कर जमा करने तथा न करने पर कनेक्शन कटवा रहे थे।
46 हजार के बकाएदार रसोइया गांव के काशी प्रसाद के यहां पहुंचे। किसी के मौजूद न रहने पर जेई ने लाइनमैन से केबल कटवा दिया। काशी प्रसाद के घर आने पर इसकी जानकारी हुई तो विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया किंतु किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। लाइट कटने से नाराज काशी प्रसाद बुधवार सुबह प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह के नेतृत्व में उपकेंद्र पर धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी जेई सहित उच्चाधिकारियों को हुई तो उन्होंने आनन फानन में कनेक्शन जोड़वाकर धरना समाप्त करवाया।
उपभोक्ता काशी प्रसाद शर्मा ने बताया कि नियमित बिल जमा करने के बावजूद अधिक मीटर रीडिंग दिखा कर अचानक 40 हजार से अधिक बकाया दिखाया जाने लगा। मीटर तेज चलने की शिकायत जुलाई, अगस्त व सितंबर में की गई। इसके बाद चेक मीटर लगाया गया उसको बिना निस्तारित किए कनेक्शन काट दिया गया। धरना देने वालों में जितेंद्र शर्मा, रामजनक, वेद प्रकाश सिंह, राजेश यादव, अमरेश ऋषभ आदि शामिल रहे।
जेई प्रशांत कुमार ने बताया कि कम राजस्व को लेकर दबाव था, उसी क्रम में अधिक बिल होने कारण उनका कनेक्शन काटा गया था, किंतु बिल सुधार के आवेदन की जानकारी होने पर लाइन जोड़ दी गई।