हत्या के विरोध में कलेक्ट्रेट कर्मियों का कार्य बहिष्कार
बस्ती। प्रतापगढ़ जिले के लालगंज तहसील वरिष्ठ लिपिक (नायब नाजिर) सुनील शर्मा की हत्या के मामले में कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। कर्मियों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार किया और शोक सभा की। बाद में डीएम के प्रतिनिधि सीआरओ नीता यादव के माध्यम से सीएम को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन दिया जिसमें आरोपी एसडीएम की गिरफ्तारी की मांग की गई।
उत्तर प्रदेश मिनीस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ अध्यक्ष एवं प्रांतीय संयुक्त मंत्री अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। विरोध स्वरूप नारे लगाए। ज्ञापन में हत्यारोपी एसडीएम को तत्काल गिरफ्तार कर बर्खास्त करने, मृतक सुनील कुमार शर्मा के आश्रितों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने के साथ ही उनके आश्रित को नौकरी दिए जाने के अलावा चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन की घोषणा होगी।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संचित मोहन तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी राम कुमार पाल, राधेश्याम, सहायक भू-लेख अधिकारी राघवेन्द्र पांडेय, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम अधार पाल, मुकेश सोनकर, रामचंद्र, जीवेंद्र तिवारी, राजेश रंजन, जितेन्द्र श्रीवास्तव, आशीष कुमार, सुमित श्रीवास्तव, राजेश सिंह, फैजान अहमद के साथ ही अनेक कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।