बहादुरपुर में मरीज की जांच करते डॉ. प्रशंसा जायसवाल संवाद
बस्ती। जिले के 39 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। मेला में सर्वाधिक रोगी सर्दी-जुकाम व बुखार के आए। साथ ही खांसी के भी मरीज रहे। उपस्थित डॉक्टरों ने चिकित्सीय परामर्श देकर मरीजों को घर भेजा। कहीं-कहीं डॉक्टर नहीं थे तो फार्मासिस्ट ने दवा देकर मरीजों को वापस भेज दिया।
नगरीय पीएचसी बरदहिया में डॉ. इंद्रावती कुमारी ने 46 मरीजों को परामर्श दिया। बताया कि अधिकांश मरीज खांसी के रहे। दवा देकर घर भेजा। इसके अलावा पीएचसी नरहरिया में डॉ. आरपी सिंह ने जांच की। 43 मरीजों को परामर्श दिया। वायरल फीवर के मरीज अधिक रहे। मुंडेरवा संवाद के अनुसार आयोजित आरोग्य मेला 20 मरीज आए। डॉ. अंकुर शुक्ल ने बताया कि मौसम में इधर चार पांच दिन से काफी नमी आने से सर्दी जुखाम, बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। पीएचसी ओड़वारा में डॉ. नीलम चौधरी ने बताया कि 17 ही मरीज आए। फार्मासिस्ट जगदंबा चौधरी, ज्योत्सना सिंह ने सहयोग किया। कलवारी संवाद के अनुसार बहादुरपुर में 32 मरीजों का इलाज किया गया। डाॅ. प्रशंसा जायसवाल ने इलाज किया।