प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मंडल मुख्यालय पर पहुंचेंगे। अपराह्न डेढ़ बजे से शाम चार बजे तक सीएम मंडल के विकास कार्यों की आयुक्त कार्यालय सभागार (नवीन भवन) में समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग निर्धारित बिंदुओं/कार्यक्रमों एवं अन्य विंदुओं पर समीक्षा करेंगे। बृहस्पतिवार को अचानक उनका कार्यक्रम आते ही सरकारी मशीनरी में खलबली मच गई।
सीएम बनने के बाद पहली बार यहां आ रहे योगी आदित्यनाथ की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। एनएसजी के घेरे में चलने वाले मुख्यमंत्री के लिए करीब ढाई हजार पुलिस कर्मी मुस्तैद रहेंगे। डीआईजी लक्ष्मी नारायण ने बताया कि रेंज के तीनों जिले के अलावा जोन स्तर से अतिरिक्त फोर्स मांगी गई है। जिसमें पांच कंपनी पीएसी भी होगी। शुक्रवार को सिक्योरिटी व फ्लीट की रिहल्सल भी होगी।
सीएम सुरक्षा मानक के मुताबिक फ्लीट तैयार की जा चुकी है। जिसमें जैमर लगे वाहन शामिल होंगे। रात में ही एनएसजी टीम भी पहुंच रही है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। वैसे भी केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सीएम सुरक्षा में क्यूआरटी यानी क्विक रिस्पांस टीम भी मुस्तैद रहती है।