कोरोना से मौत की समीक्षा कर रहे हैं सीएम, सजग रहें अधिकारी
स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा, बोले- प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं
बस्ती। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने कहा कि कोरोना से हुई प्रत्येक मृत्यु की मुख्यमंत्री खुद समीक्षा करते हैं। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक मरीज को बेहतर सुविधाएं और इलाज उपलब्ध कराएं। सरकार कोरोना से निपटने के लिए हर स्तर पर सहयोग कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय, स्वास्थ्य महानिदेशालय और वह खुद मरीजों से फोन पर वार्ता कर फीडबैक लेते रहते हैं। जिले में स्थापित कोविड अस्पतालों की कुछ शिकायतें भी मिली हैं। इस पर अंकुश लगनी चाहिए। सरकार ने इलाज, भोजन-पानी एवं दवाओं के पर्याप्त इंतजाम किए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कुशल प्रबंधन करके प्रत्येक मरीज को इनकी उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। कंटेंमेंट जोन में प्रत्येक व्यक्ति की कोरोना टेस्टिंग तथा संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्ति का 72 घंटे में कांटेक्ट ट्रेसिंग सर्वाधिक महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नही होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने ओपेक कैली अस्पताल, कोविड अस्पतालों, जिला जेल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीजों के स्वस्थ के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने एनआरसी, टीकाकरण अभियान, विटामिन ए, निमोनिया एवं कृमि नाशक नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान, डेंगू, जेई-एईएस, मलेरिया आदि के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि अस्पतालों में साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था होनी चाहिए। गंदगी से भी बीमारी फैलने का अंदेशा होता है। ओपेक कैली अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में डॉ. जीएम शुक्ला, जिला अस्पताल के बारे में डॉ. रुचिस्पति पांडेय, महिला अस्पताल के बारे में डॉ. सुषमा सिन्हा ने जानकारी दी। सीएमओ डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि कुल 47607 व्यक्तियों के नमूने लिए गए हैं। इसमें से 47435 का परिणाम प्राप्त हो गया है। 45625 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक 1810 पॉजिटिव केस मिले हैं। होम आइसोलेशन में 98 कोरोना मरीज हैं और इनकी देखभाल रैपिड रिस्पांस टीम कर रही है।
बैठक में एसपी हेमराज मीणा, एडी हेल्थ डॉ. जीके शाही, एडीएम रमेश चंद्र, मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. नवनीत कुमार, डॉ. सीके वर्मा, डॉ. आईए अंसारी, डॉ. फखरेयार, डॉ. सीएल कन्नौजिया, मनीष शुक्ला आदि मौजूद रहे।