बस्ती। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मंगलवार को विजय प्रताप सिंह इंटर कॉलेज महसों में मुख्यमंत्री लाभार्थी संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से लाभार्थियों से संवाद बनाया। उनसे योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
सीएम ने सदर ब्लाॅक के महसो ग्राम सभा की लाभार्थी माया देवी से पहले परिचय प्राप्त किया। इसके बाद पूछा कि उन्हें किन- किन योजनाओं का लाभ मिला है। माया ने बताया कि वह महिला स्वयं सहायता समूह की सखी का कार्य कर रही हैं। इससे उनकी अच्छी आमदनी हो रही है। उसे पीएम आवास, शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन का लाभ मिल चुका है। दीपावली में निशुल्क सिलेंडर भी प्राप्त हुआ है। पीएम जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड भी प्राप्त है। प्रतिमाह निशुल्क राशन भी मिल रहा है। हर घर नल कनेक्शन भी प्राप्त हो गया है। बताया कि सरकारी योजनाओं से उसके और परिवार के जीवन में खुशहाली आई है। इसके लिए किसी तरह का सुविधा शुल्क भी नहीं देना पड़ा। अंत में माया ने सीएम को नव वर्ष की बधाई दी।
सीएम ने कहा कि सभी लाभार्थी जिन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वह अपने पास पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करें। ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। इसके लिए प्रदेश में 642 मोदी गारंटी वैन संचालित है। यह प्रदेश के 57709 ग्राम पंचायत में से 36983 ग्राम पंचायत में पहुंच चुकी है। शेष गावों में 25 जनवरी तक यह वैन पहुंचेगी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने वर्चुअल संवाद में सभी का स्वागत किया। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ने लोगों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान डीएम अंद्रा वामसी ने लोगों को पंच-प्रण की शपथ दिलाई। इस मौके पर पूर्व विधायक रवि सोनकर, ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, सीडीओ जयदेव सीएस, संयुक्त निदेशक कृषि अविनाश चंद तिवारी आदि मौजूद रहे।