बस्ती। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जोगिया में तैनात सफाई कर्मी को डीपीआरओ ने निलंबित कर एडीओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। बहादुरपुर के एडीओ पंचायत बहादुरपुर को जांच सौंपी गई है। सफाई कर्मी अजय कुमार पर बिना सूचना गायब होने और नोटिस का स्पष्ट जवाब नहीं देने का आरोप है।
डीपीआरओ घनश्याम सागर ने बताया है कि ग्राम पंचायत जोगिया के सफाई कर्मी अजय कुमार पांच सितंबर को कार्यस्थल पर अनुपस्थित थे। एडीओ पंचायत ने नोटिस जारी किया था। सफाई कर्मी ने कोई जवाब नहीं दिया था। इतना ही नहीं उनके खिलाफ तैनाती स्थल पर नियमित उपस्थित न रहना और अधिकारियों के आदेश-निर्देश की अवहेलना करने का भी आरोप है। जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि जांच अधिकारी को आरोप पत्र उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।