बस्ती। साइबर अपराधियों ने सऊदी अरब में रह रहा भतीजा बताकर 3.20 लाख रुपये का चूना लगा दिया। जालसाज ने चाचा को फोन करके कहा कि भतीजा बोल रहा हूं... दोस्त की मां के हार्ट का ऑपरेशन कराना है, इसलिए तत्काल 3.20 लाख रुपये भेज दो। साइबर क्राइम थाने की पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
शहर के कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले शिकायतकर्ता ने प्रार्थनापत्र दिया कि उनका भतीजा सऊदी अरब में रहकर नौकरी करता है। जून 2025 को उनके मोबाइल पर कॉल आई।
फोन करने वाले ने कहा कि आपका भतीजा बोल रहा हूं। उम्रदराज चाचा आवाज समझ नहीं पाए और उन्हें यकीन हो गया कि उनका भतीजा ही है। वह बोला कि उसके दोस्त की मां को हार्ट अटैक हुआ है और उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसलिए रुपयों की सख्त जरूरत है। उसने कहा कि अभी मेरा दोस्त आपको फोन करेगा और उसके बताए बैंक खाते में आप 3.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दीजिएगा।
बाद में जालसाज ने भतीजे का दोस्त बनकर फोन किया और खाते में तीन लाख बीस हजार रुपये मांगा लिया। साइबर थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट व धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।