-दो मोबाइल टाॅवर लगने से तरंगों का बुरा प्रभाव नागरिकों पर पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के पिकौरा शिवगुलाम मोहल्ले में आबादी के बीच दूसरा मोबाइल टाॅवर लगाए जाने पर नागरिक भड़क उठे। मामले को लेकर पहले लोग कोतवाली पहुंचे। वहां से राहत न मिलने पर डीएम और कमिश्नर से शिकायत की।
मोहल्लावासी धर्मेंद्र नारायण, सुधीर कुमार शुक्ल, दिलीप कुमार, संजय कुमार, अरुण आदि ने कहा कि उनके मोहल्ले में घरों के बीच खाली पड़ी जमीन में तीन साल पहले से ही एक 5जी नेटवर्क का टाॅवर लगा है। एक सप्ताह से उसी के बगल दूसरा नया टाॅवर लगाया जा रहा है। मोहल्लेवासियों के विरोध के बाद भी टॉवर लगाने से जिम्मेदार बाज नहीं आ रहे हैं।
मोहल्लेवासियों का कहना है घनी आबादी के बीच भूतल पर दो मोबाइल टाॅवर लगने से तरंगों का बुरा प्रभाव नागरिकों पर पड़ेगा। छोटे बच्चों पर इसका ज्यादा बुरा असर पड़ सकता है। लोगों ने डीएम दफ्तर पहुंचकर जन सुनवाई के दौरान इस आशय का शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि बीडीए, नगर पालिका से बिना एनओसी लिए अवैध ढंग से टावर लगवाया जा रहा है।
इस पर डीएम स्तर से एसडीएम सदर को जांच करने के निर्देश हुए हैं। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने आयुक्त अखिलेश सिंह से मिलकर शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।