मानिकचन्द (बस्ती)। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती-बांसी मार्ग के पैड़ा चौराहे पर गैस सिलिंडर लदी पिकअप अचानक पलट गई। वाहन पलट जाने से उस पर लदे करीब 50 सिलिंडर गिर गए। इस हादसे में वाहन पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रविवार को मूड़ाघाट कटरा से एक निजी गैस एजेंसी से 50 सिलिंडर लादकर पिकअप रुधौली की तरफ जा रही थी। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पैडा चौराहे पर अचानक पिकअप की स्टीयरिंग जाम हो गई और वाहन सड़क पर पलट गया। चौराहे के आसपास मौजूद लोगों ने पिकअप में सवार तीन लोगों को उसका दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला। इस हादसे में ग्राम करहली खुर्द निवासी 25 वर्षीय चालक महेंद्र कुमार, मुरकटी गांव निवासी 45 वर्षीय मजदूर चिथारू को हल्की चोट लगीं जबकि लक्ष्मनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय डीलर रिंकू को गंभीर चोट लगी है। घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शी राजू उपाध्याय ने कहा कि पिकअप पर लदे सभी सिलिंडर में ईंधन गैस भरे हुए थे। पिकअप से अगर कोई वाहन टकराया होता तो आग लग सकती थी। गनीमत थी कि बड़ा हादसा होने से बच गया।